PPP मॉडल (Public-Private Partnership)
PPP मॉडल सरकार और निजी कंपनियों के बीच साझेदारी है, जिसमें दोनों मिलकर सार्वजनिक सेवाएँ या इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित करते हैं। इसमें निजी क्षेत्र पूंजी, तकनीक और दक्षता लाता है, जबकि सरकार नीतिगत सहायता और जमीन प्रदान करती है। इस मॉडल का उद्देश्य सरकार पर वित्तीय बोझ कम करना और सेवाओं की गुणवत्ता बढ़ाना है।
उदाहरण
MP Online, मेट्रो रेल परियोजनाएँ, राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाएँ, स्मार्ट सिटी परियोजनाएँ, टोल रोड इत्यादि ।
PPP मॉडल के मुख्य प्रकार
BOT (Build-Operate-Transfer)
इस प्रकार के मॉडल में कोई निजी कंपनी किसी प्रोजेक्ट को बनाकर चलाती है, फिर उसे सरकार को हस्तांतरित करती है।
BOOT (Build-Own-Operate-Transfer)
इस प्रकार के मॉडल में कंपनी कुछ समय तक प्रोजेक्ट में स्वामित्त्व रखती है इसके बाद सरकार को ट्रांसफर कर देती है।
DBFOT (Design-Build-Finance-Operate-Transfer)
इस प्रकार के मॉडल में डिजाइन से लेकर संचालन तक में निजी छेत्र की भागीदारी होती है।
O&M (Operate & Maintain)
इस प्रकार के मॉडल में सरकार प्रोजेक्ट बनती है, बनाने के बाद निजी कंपनी को केवल संचालन और रखरखाव करने के लिए दे देती है।
PPP मॉडल के लाभ
निजी क्षेत्र की तकनीकी दक्षता और नवाचार से परियोजनाएँ जल्दी पूरी होती हैं। सरकार पर वित्तीय बोझ कम होता है क्योंकि निजी कंपनी पूंजी लगाती है। सेवाओं की गुणवत्ता और रखरखाव बेहतर होता है। इससे नागरिकों को बेहतर सुविधाएँ मिलती हैं और सरकार का जोखिम कम हो जाता है।
PPP मॉडल की चुनौतियाँ
निजी कंपनी मुनाफे पर केंद्रित होती है, जिससे गरीब नागरिकों के लिए सेवाएँ महँगी हो सकती हैं। सरकार और निजी कंपनी के बीच अनुबंधों में विवाद और कानूनी जटिलताएँ आम हैं। लंबी परियोजनाओं में समय सीमा और लागत बढ़ने का जोखिम रहता है। पारदर्शिता की कमी से भ्रष्टाचार की संभावना भी बनी रहती है।
E-governance websites & services –
डिजिटल भारत की परिकल्पना को साकार करने के लिए भारत सरकार तथा विभिन्न राज्य सरकारों ने अनेक डिजिटल सेवाएँ प्रारम्भ की हैं। इन सेवाओं का उद्देश्य नागरिकों को सरकारी सुविधाएँ सरल, पारदर्शी और त्वरित रूप से उपलब्ध कराना है। MP Online, MyGov, Aadhaar, UMANG, Digital Locker तथा Digital Library ऐसी ही महत्वपूर्ण डिजिटल पहलें हैं जिन्होंने शासन व्यवस्था को अधिक प्रभावी और नागरिक-केंद्रित बनाया है।
MP ऑनलाइन सेवा
MP ऑनलाइन मध्य प्रदेश सरकार की प्रमुख ई-गवर्नेंस पहल है। यह नागरिकों को डिजिटल सेवाएं प्रदान करती है। यह पोर्टल सरकार और टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) के बीच PPP मॉडल पर कार्य करता है। इसका उद्देश्य नागरिकों को किसी भी समय, कहीं भी सेवाएं उपलब्ध कराना है। पोर्टल का मुख्य लिंक www.mponline.gov.in है ।
MP ऑनलाइन पोर्टल की सेवाएँ 24×7 उपलब्ध रहती हैं, जिससे नागरिक छुट्टी के दिन भी आवेदन कर सकते हैं। हर आवेदन को ट्रैक करने के लिए एक आवेदन ID मिलती है, जिससे रियल-टाइम स्टेटस देखा जा सकता है। यह पूरी तरह पेपरलेस और फेसलेस प्रक्रिया है, जिससे समय और धन दोनों की बचत होती है। पोर्टल हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में उपलब्ध है।
MP ऑनलाइन पर उपलब्ध प्रमुख सेवाएँ
इस पोर्टल पर जाति, आय, निवास प्रमाणपत्र जैसे दस्तावेज़ ऑनलाइन बनवाए जा सकते हैं । शिक्षा से संबंधित प्रवेश फॉर्म, बोर्ड परीक्षा फॉर्म और अंकसूची सत्यापन की सुविधा भी उपलब्ध है। इसके अलावा बिजली बिल भुगतान, भू-अभिलेख (भूलेख) डाउनलोड और व्यापम भर्ती फॉर्म जैसी सुविधाएँ भी शामिल हैं।
MPGov Portal
MyGov भारत सरकार द्वारा प्रारम्भ किया गया एक नागरिक सहभागिता मंच है। इसका उद्देश्य सरकार और नागरिकों के बीच संवाद स्थापित करना तथा शासन प्रक्रिया में जनता की भागीदारी को बढ़ावा देना है।
MyGov पोर्टल पर नागरिक विभिन्न सरकारी योजनाओं, नीतियों तथा विकास कार्यों के संबंध में अपने सुझाव, विचार और प्रतिक्रियाएँ प्रस्तुत कर सकते हैं। यह मंच लोकतांत्रिक सहभागिता को मजबूत बनाता है और ई-डेमोक्रेसी की अवधारणा को वास्तविक रूप देता है।
MyGov नागरिकों को चर्चाओं, सर्वेक्षणों, प्रतियोगिताओं तथा जनहित कार्यक्रमों में भाग लेने का अवसर प्रदान करता है। इससे सरकार को जनता की अपेक्षाओं और आवश्यकताओं को समझने में सहायता मिलती है।
UIDAI और आधार(Unique Identification Authority of India)
UIDAI (Unique Identification Authority of India) भारत सरकार द्वारा स्थापित एक वैधानिक संस्था है, जिसका कार्य देश के प्रत्येक निवासी को एक विशिष्ट पहचान संख्या प्रदान करना है। इसी संस्था द्वारा आधार संख्या जारी की जाती है।
आधार 12 अंकों की एक विशिष्ट पहचान संख्या है, जो व्यक्ति की पहचान और पते का प्रमाण प्रदान करती है। आधार में व्यक्ति की जनसांख्यिकीय (Demographic) तथा बायोमेट्रिक (Biometric) जानकारी संग्रहीत की जाती है, जैसे नाम, जन्मतिथि, पता, फिंगरप्रिंट तथा आइरिस स्कैन।
आज आधार का उपयोग बैंकिंग, छात्रवृत्ति, गैस सब्सिडी, सरकारी योजनाओं, पेंशन, मोबाइल सिम सत्यापन तथा अनेक अन्य सेवाओं में किया जाता है। आधार ने पहचान सत्यापन प्रक्रिया को सरल, सुरक्षित और तेज बना दिया है।
आधार सेवा केंद्र पर उपलब्ध सेवाएँ (Aadhaar Seva Kendra) – ASK
आधार सेवा केंद्र सभी आधार संबंधी सेवाओं के लिए एक-स्टॉप स्थान है, जो वातानुकूलित और व्हीलचेयर फ्रेंडली वातावरण प्रदान करता है । यहाँ नए आधार के लिए नामांकन (Enrolment), नाम, पता, मोबाइल नंबर जैसी जनसांख्यिकीय जानकारी का अपडेट किया जा सकता है । साथ ही फोटो, उंगलियों के निशान और आँख की पुतली (Iris) जैसी बायोमेट्रिक जानकारी भी अपडेट की जा सकती है। 5 और 15 वर्ष की आयु प्राप्त करने वाले बच्चों का अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट भी यहाँ कराया जाता है ।
आधार प्रमाणीकरण (Aadhaar Authentication)
आधार प्रमाणीकरण वह प्रक्रिया है, जिसमें नागरिक द्वारा दी गई जानकारी का मिलान UIDAI के केंद्रीय डेटाबेस (CIDR) से किया जाता है । यह प्रमाणीकरण तीन तरीकों से किया जा सकता है: डेमोग्राफिक (नाम, पता), बायोमेट्रिक (उंगलियों के निशान या आईरिस) और OTP आधारित (मोबाइल पर भेजे गए कोड के माध्यम से) । सुरक्षा बढ़ाने के लिए मल्टी-फैक्टर ऑथेंटिकेशन (दो या अधिक तरीकों का संयोजन) का भी उपयोग किया जा सकता है। बैंक, टेलिकॉम कंपनियाँ जैसी संस्थाएँ (AUA) इस सेवा का उपयोग करती हैं ।
आधार पेपरलेस ऑफलाइन ई-केवाईसी (Paperless Offline e-KYC)
यह एक वैकल्पिक और स्वैच्छिक प्रक्रिया है जिसमें बिना इंटरनेट और बिना बायोमेट्रिक दिए पहचान सत्यापित की जा सकती है । नागरिक UIDAI पोर्टल से एक XML फ़ाइल या QR कोड डाउनलोड करता है, जो UIDAI द्वारा डिजिटली साइन होता है । इस फ़ाइल को शेयर फ्रेज (पासवर्ड) से एन्क्रिप्ट किया जाता है, जिसे नागरिक एजेंसी के साथ साझा करता है। सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसमें नागरिक का पूरा आधार नंबर नहीं दिखता, बल्कि एक रेफरेंस ID शेयर होती है, जिससे गोपनीयता बनी रहती है ।
UMANG ऐप – (Unified Mobile Application for New-age Governance)
UMANG भारत सरकार का एक ऑल-इन-वन मोबाइल ऐप है । यह केंद्र और राज्य सरकारों की 1,700 से अधिक सेवाओं को एक ही मंच पर उपलब्ध कराता है । इसे नीति आयोग और मीनिस्ट्री ऑफ इलेक्ट्रॉनिक्स एंड आईटी (MeitY) द्वारा विकसित किया गया है । इस ऐप पर आधार, पैन, पासपोर्ट, ईपीएफओ, गैस सिलेंडर बुकिंग, पंजीकृत मोबाइल नंबर ब्लॉक करने जैसी सेवाएँ उपलब्ध हैं । UMANG ऐप 13 क्षेत्रीय भाषाओं में उपलब्ध है और इसका उपयोग Android, iOS तथा वेब पोर्टल के माध्यम से किया जा सकता है ।
यह एप्लिकेशन “One Nation – One Platform” की अवधारणा को साकार करता है, क्योंकि विभिन्न मंत्रालयों और विभागों की सेवाएँ एक ही मोबाइल ऐप में उपलब्ध हो जाती हैं। इससे नागरिकों को अलग-अलग वेबसाइटों और पोर्टलों पर जाने की आवश्यकता नहीं रहती।
UMANG ऐप की विशेषताएँ और लाभ
UMANG ऐप की सबसे महत्वपूर्ण विशेषता “सिंगल साइन-ऑन (SSO)” है, यानी एक बार लॉगिन करने के बाद बिना बार-बार लॉगिन किए सभी सेवाओं का लाभ लिया जा सकता है । यह ऐप आधार आधारित प्रमाणीकरण, OTP और डिजिटल सिग्नेचर जैसे सुरक्षित तरीकों को सपोर्ट करता है ।
इसके अलावा इसमें इन-ऐप पेमेंट गेटवे, लोकेशन बेस्ड सर्विसेज और अपॉइंटमेंट बुकिंग जैसी सुविधाएँ भी उपलब्ध हैं । नागरिकों को अलग-अलग ऐप डाउनलोड करने की आवश्यकता नहीं होती, जिससे डिवाइस की मेमोरी और समय दोनों की बचत होती है ।
डिजिटल लॉकर (DigiLocker) – पेपरलेस दस्तावेज़ भंडारण
DigiLocker भारत सरकार का एक क्लाउड-बेस्ड डिजिटल वॉलेट है, जो नागरिकों को 1 GB तक की मुफ्त ऑनलाइन स्टोरेज सुविधा प्रदान करता है। इसमें आधार, ड्राइविंग लाइसेंस, वोटर ID, शैक्षिक प्रमाणपत्र, बीमा पॉलिसी जैसे दस्तावेज़ सुरक्षित रूप से अपलोड किए जा सकते हैं ।
सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि सरकारी विभाग (जैसे परिवहन, शिक्षा बोर्ड) सीधे नागरिक के DigiLocker में ई-दस्तावेज़ (signed documents) भेज सकते हैं । इन डिजिटल दस्तावेज़ों को कानूनी तौर पर मूल दस्तावेज़ों के समान ही मान्यता प्राप्त है और इन्हें कभी भी, कहीं भी साझा या डाउनलोड किया जा सकता है ।
DigiLocker की प्रमुख विशेषताएँ
DigiLocker सीधे आधार नंबर से लिंक होता है, इसलिए इसमें लॉगिन करने के लिए आधार OTP या मोबाइल OTP का उपयोग किया जाता है । इसमें “Issued Documents” नामक सेक्शन होता है जहाँ सरकारी विभागों द्वारा जारी प्रमाणपत्र सीधे आते हैं, जिससे जालसाजी की संभावना नहीं रहती । नागरिक अपने स्वयं के स्कैन किए गए दस्तावेज़ों पर ई-साइन (Aadhaar eSign) कर सकते हैं, जिससे उनकी प्रामाणिकता बढ़ जाती है । यह सेवा पूरी तरह मुफ्त है और इसका मोबाइल ऐप Android और iOS दोनों पर उपलब्ध है । DigiLocker का उपयोग यातायात पुलिस चेकिंग, बैंक KYC, एयरपोर्ट एंट्री आदि में किया जा सकता है ।
डिजिटल लाइब्रेरी (Digital Library)
डिजिटल लाइब्रेरी एक ऑनलाइन प्रणाली है जहाँ पुस्तकों, शोध पत्रों, पत्रिकाओं और मैन्युस्क्रिप्ट्स का डिजिटल रूप (e-books, PDF) संग्रहीत किया जाता है।
भारत में प्रमुख डिजिटल लाइब्रेरी में NDLI (National Digital Library of India), e-PG Pathshala, Swayam, और विभिन्न राज्यों की ई-लाइब्रेरी शामिल हैं । NDLI 70 से अधिक भाषाओं में 7 करोड़ से अधिक अकादमिक संसाधन प्रदान करती है और इसे IIT खड़गपुर द्वारा विकसित किया गया है।
डिजिटल लाइब्रेरी कभी बंद नहीं होती (24×7 उपलब्ध), कहीं से भी एक्सेस की जा सकती है, और पुस्तकें खराब या चोरी नहीं हो सकतीं । इसमें कीवर्ड सर्च, बुकमार्क, हाइलाइटिंग और ऑडियो-विजुअल कंटेंट जैसी उन्नत सुविधाएँ भी होती हैं ।
डिजिटल लाइब्रेरी के माध्यम से विद्यार्थी, शिक्षक तथा शोधकर्ता किसी भी समय और किसी भी स्थान से अध्ययन सामग्री प्राप्त कर सकते हैं। यह ज्ञान संसाधनों तक पहुँच को सरल बनाती है तथा शिक्षा के क्षेत्र में सूचना प्रौद्योगिकी के प्रभावी उपयोग को बढ़ावा देती है।
महत्वपूर्ण प्रश्न
- MP Online क्या है? इसकी प्रमुख सेवाओं का वर्णन कीजिए।
- MyGov पोर्टल का उद्देश्य क्या है?
- UIDAI एवं Aadhaar पर संक्षिप्त टिप्पणी लिखिए।
- UMANG ऐप क्या है? इसकी विशेषताएँ बताइए।
- DigiLocker क्या है? इसके लाभ लिखिए।
- Digital Library क्या है? इसके लाभों का वर्णन कीजिए।
- डिजिटल भारत के निर्माण में इन पहलों की भूमिका स्पष्ट कीजिए।