आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और मशीन लर्निंग(ML)
वर्तमान समय में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और मशीन लर्निंग (एमएल) सूचना प्रौद्योगिकी के सबसे महत्वपूर्ण और तेजी से विकसित होने वाले क्षेत्र हैं। हम अपने दैनिक जीवन में मोबाइल के वॉइस असिस्टेंट, ऑनलाइन खरीदारी के सुझाव, सोशल मीडिया की सामग्री, ऑनलाइन अनुवाद सेवाओं तथा चैटबॉट जैसी अनेक एआई-आधारित सेवाओं का उपयोग कर रहे हैं।
इन तकनीकों ने कंप्यूटरों को केवल निर्देशों का पालन करने वाली मशीनों से बदलकर सीखने, समझने और निर्णय लेने में सक्षम बना दिया है। इसी कारण “एआई” और “एमएल” को भविष्य की तकनीकों का आधार माना जाता है।

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई)
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का अर्थ मशीनों या कंप्यूटरों को इस प्रकार विकसित करना है कि वे मानव बुद्धि से संबंधित कार्य जैसे सीखना, तर्क करना, निर्णय लेना, समस्या का समाधान करना तथा भाषा को समझना आदि कर सकें। सामान्य कंप्यूटर केवल पहले से दिए गए निर्देशों का पालन करते हैं, जबकि एआई आधारित प्रणालियाँ परिस्थितियों का विश्लेषण करके उपयुक्त निर्णय लेने का प्रयास करती हैं।
उदाहरण के लिए, जैसे कोई व्यक्ति मौसम देखकर छाता लेने का निर्णय लेता है, वैसे ही एआई प्रणाली उपलब्ध जानकारी के विश्लेषण से निर्णय देती है।
एआई की आवश्यकता
आज प्रतिदिन अत्यधिक मात्रा में डेटा उत्पन्न हो रहा है, जिसका विश्लेषण करना मनुष्यों के लिए कठिन और समय लेने वाला कार्य है। एआई इस विशाल डेटा का अध्ययन करके उपयोगी जानकारी प्राप्त करने में सहायता करता है। ‘एआई’ की आवश्यकता मुख्यतः बड़े डेटा के विश्लेषण, कार्यों को स्वचालित बनाने, निर्णय लेने की प्रक्रिया को बेहतर बनाने, समय और लागत की बचत तथा अधिक सटीक परिणाम प्राप्त करने के लिए काफी बढ़ गयी है। जिसके कारण उद्योग, बैंकिंग, स्वास्थ्य, शिक्षा और व्यापार में एआई का उपयोग तेजी से बढ़ रहा है।
एआई के प्रकार
AI को उसकी क्षमता के आधार पर निम्नलिखित विभिन्न प्रकारों में वर्गीकृत किया जा सकता है।
नैरो एआई (कमजोर एआई)
यह किसी विशेष कार्य के लिए विकसित किया गया एआई होता है। यह जिस कार्य के लिए विकसित किया गया है केवल उसी कार्य में दक्ष होता है। उदाहरण के लिए गूगल असिस्टेंट, सिरी, चैटजीपीटी, चेहरा पहचान प्रणाली और स्पैम फिल्टर। आज उपयोग में आने वाले अधिकांश एआई सिस्टम ‘नैरो एआई’ की श्रेणी में आते हैं।
जनरल एआई
यह वह अवधारणा है जिसमें मशीन मनुष्य की तरह विभिन्न प्रकार के कार्य करने, नई परिस्थितियों को समझने और विभिन्न समस्याओं का समाधान करने में सक्षम हो। वर्तमान में जनरल एआई पर अभी शोध और विकास चल रहा है।
सुपर एआई
यह ए आई के विकास की काल्पनिक अवधारणा है। इसमें मशीन की बुद्धिमत्ता मानव बुद्धि से भी अधिक हो जाएगी। यह प्रणाली स्वयं निर्णय लेने, नई खोज करने और जटिल समस्याओं का समाधान करने में मनुष्यों से अधिक सक्षम होगी। वर्तमान में सुपर एआई की केवल कल्पना की जा रही है, भविष्य की संभावनाओं के रूप में इस पर चर्चा की जाती है।
मशीन लर्निंग (एमएल)
मशीन लर्निंग, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की एक महत्वपूर्ण शाखा है। इसमें कंप्यूटरों को इस प्रकार प्रशिक्षित किया जाता है कि वे डेटा से सीख सकें और अनुभव के आधार पर अपने प्रदर्शन में सुधार कर सकें। उदाहरण के लिए, यदि किसी कंप्यूटर को हजारों ई-मेल दिखाकर बताया जाए कि कौन-से ‘स्पैम’ हैं और कौन-से ‘सामान्य’, तो वह भविष्य में नए ई-मेल को स्वयं पहचानना सीख सकता है। मशीन लर्निंग का उपयोग तब किया जाता है जब किसी समस्या के लिए निश्चित नियम बनाना कठिन हो, जैसे मौसम का पूर्वानुमान, ग्राहक की पसंद का अनुमान, रोगों की पहचान और ऑनलाइन सुझाव प्रणाली।
मशीन लर्निंग की प्रमुख विशेषताएँ: इसमें सीखने की क्षमता होती है, इनमे डेटा में छिपे पैटर्न को पहचानने की क्षमता के साथ-साथ भविष्य के परिणामों का अनुमान लगाने की क्षमता भी होती है। इनमे समय के साथ अपने प्रदर्शन को स्वचालित रूप से सुधारने की क्षमता शामिल है।
एआई और मशीन लर्निंग का संबंध
एआई और मशीन लर्निंग को अक्सर एक ही समझ लिया जाता है, किंतु दोनों में अंतर है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एक व्यापक क्षेत्र है जिसका उद्देश्य मशीनों को बुद्धिमान बनाना है, जबकि मशीन लर्निंग उसी क्षेत्र की एक शाखा है जो मशीनों को डेटा से सीखने की क्षमता प्रदान करती है। सरल शब्दों में, ” ‘एआई’ लक्ष्य है और ‘मशीन लर्निंग’ उस लक्ष्य को प्राप्त करने का एक महत्वपूर्ण तरीका है।”
एआई और मशीन लर्निंग के प्रमुख उपयोग
शिक्षा क्षेत्र में व्यक्तिगत शिक्षण और ऑनलाइन मूल्यांकन में, स्वास्थ्य क्षेत्र में रोगों की पहचान और उपचार संबंधी सुझावों में, बैंकिंग क्षेत्र में धोखाधड़ी की पहचान और जोखिम विश्लेषण में, कृषि क्षेत्र में फसल उत्पादन और मौसम पूर्वानुमान में, ई-कॉमर्स में ग्राहकों को उनकी रुचि के अनुसार उत्पाद सुझाने में तथा परिवहन में मार्ग नियोजन और स्मार्ट यातायात प्रबंधन में एआई और मशीन लर्निंग तकनीकों का उपयोग किया जाता है।
एआई और मशीन लर्निंग के लाभ और चुनौतियाँ
एआई और मशीन लर्निंग के उपयोग से कार्यों की गति में वृद्धि, अधिक सटीक परिणाम, समय और लागत की बचत, बड़े डेटा का सुगम विश्लेषण तथा बेहतर निर्णय लेने की क्षमता जैसे अनेक लाभ प्राप्त होते हैं। दूसरी ओर, इन तकनीकों की उच्च लागत, गोपनीयता संबंधी समस्याएँ, डेटा पर अत्यधिक निर्भरता, रोजगार पर प्रभाव की संभावना तथा तकनीकी जटिलता मुख्य चुनौतियां हैं।
निष्कर्ष
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और मशीन लर्निंग आधुनिक तकनीकी विकास की आधारभूत तकनीकें हैं। एआई मशीनों को बुद्धिमान बनाने का प्रयास करता है, जबकि मशीन लर्निंग उन्हें डेटा से सीखने की क्षमता प्रदान करती है। आज शिक्षा, स्वास्थ्य, बैंकिंग, कृषि और व्यापार जैसे अनेक क्षेत्रों में इनका सफलतापूर्वक उपयोग किया जा रहा है। भविष्य में इन तकनीकों का महत्व और अधिक बढ़ेगा तथा वे मानव जीवन को नई दिशा प्रदान करेंगी।